पत्नी से झगड़े के बाद युवक टावर पर चढ़ा:पुलिस ने एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा


देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवक घरेलू विवाद के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा। यह घटना मझौली राज चौकी क्षेत्र के जामा मस्जिद मोहल्ले की है। मझौली राज चौकी क्षेत्र के जामा मस्जिद मोहल्ले के निवासी सादिक उर्फ गुड्डू हाशमी (32) का बुधवार शाम अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद सादिक गुस्से में घर से निकल गया और शाम करीब 7:30 बजे मोहल्ले के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह काफी देर तक टावर पर बैठा रहा। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मझौली राज चौकी इंचार्ज इंद्रेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में हेड कांस्टेबल मुराद हसन और कांस्टेबल अभिषेक यादव भी शामिल थे। पुलिसकर्मियों ने युवक से लगातार बातचीत कर उसे शांत कराने का प्रयास किया। घंटों तक चली मान-मनौवल और समझाइश के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। पुलिस ने पूरी सावधानी बरतते हुए उसे सुरक्षित टावर से नीचे उतारा। युवक के नीचे आते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। इसके बाद पुलिस युवक को मझौली राज चौकी ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने उसके परिजनों को भी बुलाकर मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने युवक और उसके परिवार को समझाकर शांत कराया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *