![]()
मथुरा के जमुनापार थाना क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक महिला को ज्वलनशील पदार्थ डालकर जला दिया गया था। उपचार के दौरान मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी नगर निवासी आशा का 13 मई को अपनी कॉलोनी में रहने वाली एक महिला से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आशा पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल दिया और जातिसूचक शब्द कहते हुए उसे आग के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से झुलसी आशा को तत्काल उपचार के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पीड़िता की शिकायत पर जमुनापार थाना पुलिस ने सोनई टप्पा निवासी कन्हैया उर्फ कृष्णा समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। सीओ पीतम पाल ने बताया कि महिला को जलाने के आरोप में कन्हैया उर्फ कृष्णा और उसकी पत्नी को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। थाना प्रभारी विदेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link
पैसों के विवाद में महिला को जलाया, मौत:मथुरा में दंपती गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी