![]()
शाहजहांपुर में निगोही नगर पंचायत चेयरमैन की तहरीर पर नौ नामजद और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई सफाईकर्मियों की हड़ताल के दौरान नामित पार्षद रामनिवास बाल्मीकि के एक वायरल वीडियो के संबंध में की गई है। वीडियो में उन पर कथित तौर पर “एक गोली से तीन-तीन लोगों को मारने का एक्सपीरियंस है” कहने का आरोप है। नगर पंचायत चैयरमेन मनोज वर्मा ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि यह धमकी उनकी और मुख्य लिपिक की ओर इशारा कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि रामनिवास बाल्मीकि अपने तीस कर्मचारी लगाने का दबाव बना रहे थे, जिनसे उन्होंने कमीशन तय कर रखा था। चैयरमेन के अनुसार, जब उन्होंने यह मांग मानने से इनकार कर दिया, तो रामनिवास बाल्मीकि ने कर्मचारियों को उनके खिलाफ भड़काकर हड़ताल शुरू कराई। पूर्व चैयरमेन रोशन लाल वर्मा के बेटे मनोज वर्मा ने एफआईआर में इन बातों का उल्लेख किया है। एफआईआर के मुताबिक, रामनिवास बाल्मीकि हड़ताल से पहले आए और अपने तीस कर्मचारी लगाने का दबाव बनाया। बात न मानने पर उन्होंने धरना प्रदर्शन कराने की धमकी भी दी थी। उनकी बात न मानने पर नगर पंचायत कार्यालय में सफाईकर्मियों से धरना प्रदर्शन कराया गया। इस मामले की जांच तिलहर एसडीएम ने की थी, लेकिन आउटसोर्सिंग कर्मियों ने उस जांच से असंतुष्ट होकर फिर से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। जब रामनिवास बाल्मीकि अपने साथियों के साथ ज्ञापन देने आए, तब उन्होंने चैयरमेन और मुख्य लिपिक को जान से मारने की धमकी दी। धमकी में कथित तौर पर कहा गया था कि “कल से जो नगर पंचायत कार्यालय में सबको मारा जाएगा, बाकी हम सब निपट लेंगे।” इसी दौरान एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें रामनिवास पर यह कहने का आरोप है कि “उनको एक गोली से तीन-तीन को मारने का एक्सपीरियंस है।” लोगों ने वायरल वीडियो में कही गई इस बात की भी जांच की मांग की है। पुलिस ने रामनिवास बाल्मीकि, दिनेश कुमार राजा, नरेश वर्मा, अनिल, दिनेश, विमल, राजीव, अमन, अवन और दस अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।वहीं, रामनिवास बाल्मीकि ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है।
Source link
निगोही नगर पंचायत चैयरमेन ने दर्ज कराई FIR:जान से मारने की धमकी देने का आरोप, प्रदर्शन कराने की धमकी दी थी