मनोज कुमार वर्मा | सोनभद्र3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बढौली चौराहे स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया,वही कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार द्वारा सप्ताह में दो बार की गई मूल्य वृद्धि का विरोध किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान, सपा कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पर माल्यार्पण किया, घंटी और शंख बजाए। उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए, जिससे सरकार को घेरने का प्रयास किया गया।

सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई के कगार पर ला खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्व्यवस्था से परेशान है, जबकि सरकार पूंजीपतियों के इशारे पर काम कर रही है।
सपा नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने बिजली और शिक्षा की बढ़ती लागत जैसी समस्याओं का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

सुरेश अग्रहरी और मनीष केडिया ने कहा कि माताएं और बहनें अपनी गृहस्थी चलाने को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि घर का बजट बिगड़ रहा है। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से सरोज शर्मा, राजू पासवान, सुनील कनौजिया, मेवालाल, जुनैद अंसारी, अरविंद कुमार और सोनू यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
