बलराम जी चतुर्वेदी | कानपुर देहात4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर देहात में दिव्यांगजनों के लिए 16 मई, 2026 से विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ और सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। यह जानकारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने दी।
उत्तम ने बताया कि इन शिविरों में दिव्यांगजनों के विशिष्ट दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यूडीआईडी कार्ड) बनाए जाएंगे। साथ ही, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, वैशाखी, वॉकिंग स्टिक, दृष्टिबाधितों के लिए स्मार्ट केन, श्रवण यंत्र और मानसिक रोगियों हेतु किट जैसे उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, शल्य चिकित्सा योजना, कॉक्लियर इम्प्लांट, दिव्यांग दुकान निर्माण एवं संचालन योजना और दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना का लाभ भी इन शिविरों के माध्यम से दिया जाएगा।
शिविरों की शुरुआत 16 मई को तहसील परिसर मैथा में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। इसके बाद 19 मई को डेरापुर, 20 मई को मलासा, 22 मई को सरवनखेड़ा, 23 मई को राजपुर, 26 मई को अमरौधा, 29 मई को झींझक, 2 जून को अकबरपुर और 3 जून को संदलपुर विकास खंड में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक शिविर लगेंगे। 6 जून को तहसील परिसर रसूलाबाद में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने सभी दिव्यांगजनों से इन शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। लाभार्थियों को अपने साथ यूडीआईडी कार्ड, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, फोटोग्राफ और मोबाइल नंबर लाना अनिवार्य होगा।
