आकाशीय बिजली गिरने से लड़की की मौत हुई थी:हरदोई में प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने परिजनों को 4 लाख की सहायता दिलाई


हरदोई के संडीला तहसील क्षेत्र स्थित ग्राम आंट मजरा आंट सांट में 13 मई को आकाशीय बिजली गिरने से अंकिता (14) की मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार को प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया। प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने मृतका की मां कमला से मुलाकात कर घटना पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार दैवीय आपदाओं के पीड़ितों को तत्काल राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने मौके पर ही जानकारी दी कि दैवीय आपदा राहत कोष से मृतका की मां के खाते में चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि अंतरित कर दी गई है। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवार को शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और प्रशासन इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। मौके पर मौजूद सांसद अशोक रावत और विधायक राम पाल वर्मा ने भी परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने घटना को दुखद बताया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में जनहानि पीड़ादायक होती है। उन्होंने प्रशासन द्वारा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के कदम की सराहना की। भ्रमण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रियंका सिंह और उप जिलाधिकारी संडीला नारायणी भाटिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। घटना के बाद से गांव में शोक व्याप्त है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *