जमानत के बहाने बेटी की जमीन का कराया बैनामा:विधवा ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप, खेत पर कब्जे की कोशिश


मैनपुरी के बिछवां थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला ने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपियों ने जमानत दिलाने के बहाने उसकी बेटी को तहसील ले जाकर उसकी कृषि भूमि का फर्जी इकरारनामा और बैनामा करा लिया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामला बिछवां थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर पोस्ट सहारा का है। यहां की निवासी सरस्वती देवी, स्वर्गीय तालेवर की पत्नी हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के राकेश सिंह, लेखपाल, सुखवीर सिंह, राजेंद्र और रामऔतार उनके परिवार से परिचित थे और उनके घर आना-जाना था। पीड़िता के अनुसार, 15 फरवरी 2025 को आरोपियों ने उनकी बेटी कीर्ति को जमानत कराने के बहाने तहसील भोगांव ले गए। वहां कथित तौर पर धोखाधड़ी कर कीर्ति की जमीन से संबंधित एक फर्जी इकरारनामा तैयार करा लिया गया। परिवार को इन दस्तावेजों की वास्तविक जानकारी नहीं दी गई। आरोप है कि 15 दिसंबर 2025 को आरोपी फिर से घर आए और अधूरा काम पूरा कराने का बहाना बनाकर कीर्ति को अपने साथ ले गए। इस बार कथित तौर पर उसकी जमीन का फर्जी बैनामा आरोपी राकेश सिंह के नाम करा लिया गया। पीड़िता का दावा है कि इन दस्तावेजों में फर्जी गवाहों का भी इस्तेमाल किया गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि 12 फरवरी 2026 को बेटी को एक बार फिर तहसील ले जाया गया। वहां पहले कराए गए इकरारनामे की अवधि बढ़ाने के लिए तौसीह म्याद तैयार कराई गई। पीड़िता के मुताबिक, 10 मई 2026 की सुबह आरोपी लाठी-डंडों और अवैध हथियारों के साथ खेत पर पहुंचे। उन्होंने जमीन को अपनी बताते हुए उस पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिला और उसकी बेटियों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता का कहना है कि यह कृषि भूमि ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन है। उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार खेत पर कब्जा करने और उनकी बची हुई जमीन को भी अपने नाम कराने की धमकी दे रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *