![]()
हापुड़ के गांव अमीपुर नंगौला में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अय्यूब सिद्दीकी के मकान पर प्रशासन द्वारा की गई ध्वस्तीकरण कार्रवाई को लेकर गुरुवार को बुलंदशहर रोड स्थित जिला कार्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद पुलिस ने रोक दिया। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर बोलते हुए जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बुधवार को गांव नंगौला में जिला उपाध्यक्ष अय्यूब सिद्दीकी के मकान ध्वस्तीकरण अफसरों द्वारा जबरन किया गया। हाईकोर्ट से स्टे आदेश जारी होने के बावजूद बुलडोजर कार्रवाई की गई, जो न्यायालय की अवमानना है। आरोप लगाया कि अय्यूब सिद्दीकी को राजनीतिक और सामाजिक कारणों से निशाना बनाया गया, जिसके कारण उनके परिवार को सड़क पर रात बितानी पड़ी। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधीर चौहान ने इस मामले को मानवाधिकार आयोग और न्यायालय तक ले जाने की बात कही। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की पूरी वीडियोग्राफी पार्टी के पास उपलब्ध है। चौहान ने कहा कि इन साक्ष्यों के आधार पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क से लेकर अदालत तक अपना आंदोलन जारी रखेगी। इस दौरान सपाईयों की सरकार के पुतला फूकने को लेकर पुलिस से नोंकझोंक भी हुई। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, तेजपाल प्रमुख, श्यामसुंदर भुर्जी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
सपा नेता के घर बुलडोजर चला, सपाई भड़के:हापुड़ में प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंकने की कोशिश, बोले- अफसरों ने हाईकोर्ट की अवमानना की