![]()
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के कटरा राजा हिम्मत सिंह क्षेत्र निवासी आशीष सरोज (24) युवक का शव रविवार सुबह प्रतापगढ़ जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक पेड़ से लटका मिला। बेला देवी मंदिर के पीछे सई नदी किनारे बैग के सहारे फंदे से लटके मिले शव की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, युवक शनिवार को अपने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह जब उसके परिजनों को घर से करीब 50 किलोमीटर दूर प्रतापगढ़ में शव मिलने की सूचना मिली, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर परिवार में मातम छा गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की। पुलिस युवक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और उसके हालिया संपर्कों की जानकारी खंगाल रही है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। युवक प्रतापगढ़ कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
Source link
अमेठी के युवक की प्रतापगढ़ में मौत:शव बैग के सहारे पेड़ से लटका मिला, घर से 50 किमी दूर मिली बॉडी