![]()
बागपत के नए जिलाधिकारी (DM) आईएएस दिव्यांशु पटेल ने आज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार में अपना कार्यभार संभाला। वह बागपत के 32वें जिलाधिकारी बने हैं। दिव्यांशु पटेल 2017 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। बागपत DM का पद संभालने से पहले वह मुरादाबाद नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर काम कर रहे थे। इसके अलावा, वह खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के विशेष सचिव और अपर आयुक्त, उन्नाव के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और बाराबंकी में सहायक मजिस्ट्रेट के तौर पर भी सरकारी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को अच्छे से लागू किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका फायदा मिल सके और पात्र व्यक्ति सीधे योजना से जुड़ सकें। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया जाएगा। तकनीकी और नए तरीकों को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, बागपत में उद्योग के क्षेत्र को भी आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के अधिकारियों से परिचय भी लिया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव कुमार राय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देवेंद्र कुमार पांडे, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह और वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुमार सिंह समेत जिले के कई अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
बागपत के 32वें DM बने IAS दिव्यांशु पटेल:कलेक्ट्रेट पहुंचकर संभाला कार्यभार, बोले- जनकल्याणकारी योजनाएं प्राथमिकता