![]()
संतकबीरनगर जिले में शनिवार सुबह चूरेब रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलमपुर निवासी शैलेश राजभर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, शैलेश राजभर रोजगार की तलाश में हैदराबाद जा रहा था। वह अपने परिवार का इकलौता सहारा था और घर की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण मजदूरी करने बाहर जा रहा था। शैलेश शनिवार सुबह अपने गांव से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था और वहां से ट्रेन में सवार होकर हैदराबाद के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 8:30 बजे संतकबीरनगर जिले के चूरेब रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर उसका शव मिला। इस हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मर्चरी हाउस पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला ट्रेन से गिरने या किसी अन्य हादसे से जुड़ा माना जा रहा है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
Source link
संतकबीर नगर में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव:रोजगार की तलाश में हैदराबाद जा रहा था, कुशीनगर के अहिरौली निवासी के रूप में पहचान