ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस के ताबड़तोड़ एक्शन:भीम आर्मी कार्यकर्ता समेत कई मोडिफाइड बुलेट सीज, हर चौक चौराहों पर चैकिंग


मुजफ्फरनगर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार शाम पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसपी सिटी अमृत जैन के निर्देश पर शहर भर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस अभियान में विशेष रूप से उन दोपहिया वाहन चालकों को निशाना बनाया गया, जो वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करते हुए पाए गए। पुलिस ने ऐसे उल्लंघनकर्ताओं के मौके पर ही चालान काटे। शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों जैसे शिव चौक, हनुमान चौक, मदीना चौक, अस्पताल चौराहा और नई मंडी क्षेत्र के मखियाली चेक पोस्ट सहित कई स्थानों पर पुलिस टीमें तैनात की गईं। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट, ट्रिपलिंग, बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस के वाहन चलाने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई में किसी भी प्रकार की सिफारिश या फोन कॉल का कोई असर नहीं हुआ। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त एक्शन लिया गया। नई मंडी क्षेत्र के भोपा रोड स्थित मखियाली चेक पोस्ट पर, पुलिस ने ‘पटाखा’ बुलेट चला रहे भीम आर्मी से जुड़े एक कार्यकर्ता सहित दो बुलेट बाइकों को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद अन्य वाहन चालक सतर्क दिखाई दिए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसका उद्देश्य सड़क हादसों पर अंकुश लगाना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *