लखनऊ में वकील को SUV से कुचलने की कोशिश:सोसाइटी में विरोध करने पर पड़ोसी बोला, आज बच गए, अगली बार कोई नहीं बचेगा


लखनऊ के महानगर इलाके स्थित एल्डिको बसेरा अपार्टमेंट में रहने वाले हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता ने पड़ोसी पर जान से मारने की नीयत से SUV चढ़ाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। मामले में महानगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पीड़ित अधिवक्ता अभिषेक तिवारी के मुताबिक, 30 अप्रैल की रात करीब 11:55 बजे वह अपने ड्राइवर गोविंद के साथ चैम्बर से घर लौटे थे। आरोप है कि जैसे ही वह अपनी MG Hector से उतरकर अपार्टमेंट के भीतर जाने लगे, तभी सामने से तेज रफ्तार सफेद फॉर्च्यूनर लेकर पहुंचे पड़ोसी करन कुमार ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। अभिषेक का कहना है कि उन्होंने किसी तरह किनारे हटकर अपनी जान बचाई, जबकि ड्राइवर गोविंद ने भी तत्परता दिखाते हुए वाहन हटाकर टक्कर टाल दी। उनका आरोप है कि यदि कुछ सेकेंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। विरोध करने पर दी धमकी पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद ड्राइवर गोविंद ने विरोध किया तो आरोपी भड़क गया। आरोप है कि करन कुमार ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि “आज तो तुम्हारा मालिक बच गया, लेकिन कब तक बचेगा।” तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने खुद को रसूखदार बताते हुए कहा कि पुलिस और अधिकारी उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी ने खुद को पूर्व IAS विजेंद्र यादव का दामाद और महाराष्ट्र कैडर के IAS अनूप यादव का रिश्तेदार बताया। सोसाइटी में अवैध गतिविधियों का भी आरोप अभिषेक तिवारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि करन कुमार देर रात महिलाओं और साथियों के साथ सोसाइटी में आता-जाता है। फ्लैट में पार्टी और अन्य अवैध गतिविधियां चलाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित का कहना है कि वह पहले भी सोसाइटी के माहौल को लेकर विरोध जताते रहे हैं। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने उन पर हमला करने की कोशिश की। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस महानगर पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *