![]()
बरेली में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है, जिससे चिलचिलाती धूप से लोगों को निजात मिली है। शहर का वर्तमान तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि न्यूनतम पारा 21 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। मई की सुखद शुरुआत
इस साल मई का महीना बरेली वासियों के लिए काफी राहत भरा साबित हो रहा है। पिछले 30 अप्रैल से ही शहर का मिजाज बदला हुआ है। बीच-बीच में हुई बारिश और आसमान में छाए बादलों की वजह से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। ठंडी हवाओं के चलने से वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे लोग सुखद मौसम का आनंद ले रहे हैं। अप्रैल की तपन से मिली मुक्ति
गौरतलब है कि इस बार अप्रैल के महीने में ही जून जैसी गर्मी का अहसास होने लगा था। पारे ने 43 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर लिया था, जिसके चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था। लू के थपेड़ों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था, लेकिन अब मौसम विभाग की भविष्यवाणियां राहत देने वाली हैं। आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले एक-दो दिनों तक बरेली और आसपास के इलाकों में मौसम इसी तरह बना रहेगा। बादलों की मौजूदगी और ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है, जिससे फिलहाल लू चलने या तापमान में अचानक बढ़ोतरी की संभावना कम है।
Source link
बरेली में छाए बादल, ठंडी हवाओं से गर्मी से राहत:अप्रैल की तपिश के बाद मई की शुरुआत सुकून भरी, आज 29 डिग्री तक गिरेगा पारा