तीर्थ पुरोहित पर फायरिंग, चार गोलियां मारीं:प्रयागराज में दो बाइकों से पहुंचे चार नकाबपोश बदमाशों ने बरसाईं गोलियां


प्रयागराज के कीडगंज में सोमवार देर रात तीर्थ पुरोहित मार्तंड प्रकाश दुबे (55) पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। दो बाइकों से पहुंचे चार नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। एक के बाद एक चार गोलियां मारीं और भाग निकले। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घायल पुरोहित को तत्काल एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिचित से मिलने गए थे
घायल मार्तंड यमुना बैंक रोड स्थित काली माई मंदिर के पास रहते हैं। सोमवार रात करीब 11 बजे वह घर से करीब 50 मीटर दूर एक परिचित से मिलने गए थे। इसी दौरान वहां दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले उनका नाम पूछा और फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
छह राउंड फायरिंग, चार गोलियां लगीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, बदमाशों ने छह राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से चार गोलियां तीर्थ पुरोहित को लगीं। एक गोली पेट में, दो गर्दन के पास और एक चेहरे के करीब लगी है। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल तीर्थ पुरोहित के दो बेटे व एक बेटी है। उनकी पहली पत्नी का निधन हो चुका है।
बेटे ने कहा- पिता खतरे से बाहर
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटे विक्की दुबे ने बताया कि उनके पिता की हालत अब खतरे से बाहर है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने किसी तरह की रंजिश या विवाद की बात से इंकार किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना पर कीडगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से कई खोखे भी मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
रंजिश और जमीन विवाद के एंगल पर जांच
पुलिस शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद समेत कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। कीडगंज थानाध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हमलावरों के मास्क से चेहरा ढके होने की बात सामने आई है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *