कोर्ट परिसर में दरोगा की पिटाई:प्रयागराज में अवैध खनन के मामले में पेशी के दौरान आरोपी पक्ष से जुटी थी भीड़


प्रयागराज के जिला न्यायालय परिसर में सोमवार दोपहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब बहरिया पुलिस अवैध खनन के आरोप में गिरफ्तार एक युवक को कोर्ट में पेश करने पहुंची। युवक के परिजनों और समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दरोगा से बहस की। देखते ही देखते मामला धक्कामुक्की तक पहुंच गया और फिर वहां मारपीट भी हुई। विवेचना के दौरान प्रकाश में आया नाम
बहरिया पुलिस ने मार्च महीने में अवैध खनन के मामले में नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान कासिम नाम के युवक का नाम भी सामने आया था। इसी आधार पर उसका नाम शामिल किया गया। एनबीडब्ल्यू भी जारी कराया गया। सोमवार को उसे गिरफ्तार कर जिला न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम को घेरा
कोर्ट परिसर पहुंचते ही युवक के पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया। उनका आरोप था कि युवक को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है और उसका नाम बाद में एफआईआर में जोड़ा गया। इसी बात को लेकर दरोगा अमित कुमार और युवक पक्ष के बीच बहस होने लगी। बात इतनी बढ़ी की धक्कामुक्की और फिर मारपीट भी हुई।
थाना प्रभारी बोले- तहरीर नहीं मिली
सूचना मिलने पर एसीपी कर्नलगंज और एसीपी सिविल लाइंस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद कोर्ट परिसर में कुछ देर तक हलचल बनी रही। मामले में कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *