![]()
शाहजहांपुर में एक युवक ने मेडिकल स्टोर संचालक पर तमंचा तान दिया और उसके साथ मारपीट की। यह घटना जलालाबाद थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में रविवार शाम को हुई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। युवक दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर आया था। दुकान पर भीड़ अधिक होने के कारण दवा मिलने में कुछ देर हो गई। इसी बात को लेकर युवक और संचालक के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर युवक ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में कई युवक बाइक से मेडिकल स्टोर पर पहुंच गए। उनमें से एक युवक ने तमंचा निकालकर लहराना शुरू कर दिया। उसने गाली-गलौज भी की और कई बार संचालक पर गोली चलाने की धमकी देते हुए तमंचा ताना। हालांकि, उसने गोली नहीं चलाई। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। बाद में कुछ लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसे थाने ले जाया गया। तमंचा लहराने वाले आरोपी की पहचान अल्हागंज थाना क्षेत्र के ठिंगरी निवासी युवक के रूप में हुई है। जलालाबाद थाना प्रभारी राजीव तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
Source link
मेडिकल स्टोर संचालक पर फिल्मी स्टाइल में तमंचा ताना:दवा लेने आए युवक ने साथियों संग की मारपीट, पुलिस ने हिरासत में लिया