शाहनवाज खान | हरदोईकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

हरदोई के गन्ना मिल कॉलोनी स्थित बनियानीपुरवा में एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे 26 वर्षीय मजदूर सुमित पाल की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे हुई, जब सुमित मकान के ऊपर से निकली बिजली की एलटी लाइन की चपेट में आ गए।
हरियावां थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा गांव निवासी सुमित पाल अपने भाई दिलाराम के साथ शहर कोतवाली के गन्ना मिल कॉलोनी के बनियानीपुरवा में एक मकान पर मजदूरी कर रहे थे। शुक्रवार सुबह दूसरी मंजिल के निर्माण के लिए सरिया उठाते समय वह मकान के ऊपर से गुजर रही एलटी लाइन के संपर्क में आ गए।

एलटी लाइन से सरिया छूते ही सुमित को तेज करंट लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके भाई दिलाराम और अन्य लोगों ने लकड़ी की सहायता से उसे सरिया से अलग किया। तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सुमित की शादी पांच साल पहले हुई थी और उसकी डेढ़ साल की एक बेटी गौरी है। इस घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है।
