![]()
शाहजहांपुर में टैंकर और कार की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार सवार पांच घायल हो गए। हादसा खुटार थाना क्षेत्र के रौतापुर कला गांव के पास हुआ। टक्कर मारने वाला टैंकर नेपाल नंबर का बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय कल्पना और 14 वर्षीय मोहिनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कल्पना की शादी 25 अप्रैल को पुवायां क्षेत्र के अगौना बुजुर्ग निवासी अविरल से हुई थी। गुरुवार को अनिल कुमार (अविरल के पिता) अपनी बहू कल्पना को विदा कराकर परिवार के साथ कार से वापस पुवायां लौट रहे थे। अनिल के साथ कार में मोहिनी (14), अभिरांश (6), अनिमेष (5), अमित वर्मा और निर्दोष भी सवार थे। रौतापुर कला गांव के पास पुवायां से खुटार होते हुए नेपाल की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कल्पना और मोहिनी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सीओ पुवायां प्रवीण मलिक ने बताया कि आयल टैंकर और कार की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
शाहजहांपुर में हादसे में महिला-किशोरी की मौत:5 दिन पहले हुई थी शादी, ससुर विदा कराके लौट रहे थे, टैंकर ने कार में टक्कर मारी