झांसी में 20 मिनट तक झमाझम बारिश हुई:40Km की रफ्तार से हवाएं चलीं, बिजली कड़ी, अलगे दो दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम


झांसी में सोमवार को भीषण गर्मी के बाद रात को अचानक मौसम ने करवट ले ली। रात को बादल छा गए और लगभग 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने लगी। रात 10:15 बजे तेज बारिश होने लगी। थोड़ी देर बाद ही बारिश थम गई, लेकिन देर रात 11:45 बजे दोबारा बारिश शुरू हो गई। लगभग 20 मिनट तक झमाझम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। रातभर आसमान में बिजली कड़कती रही। बारिश होने से लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिली हैं। वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को भी बिजली कड़कने और बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा उत्तर प्रदेश में सोमवार को सबसे ज्यादा बुंदेलखंड तपा। दिन का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाने से बांदा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं इस सीजन में पहली बार झांसी में दिन का पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया। दिन में लू भी चली। ऐसे में झांसी प्रदेश का दूसरा सर्वाधिक गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। बाराबंकी (30 डिग्री) के बाद झांसी की रात सबसे ज्यादा गर्म रही। दिन के तापमान में आ सकती है गिरावट कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि आज यानी मंगलवार को बिजली कड़कने के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। आंशिक रूप से बादल भी छाए रहेंगे। एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस वजह से दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट भी दर्ज होने के आसार हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *