![]()
देवरिया के लार थाना क्षेत्र स्थित नदौली गांव में घाघरा नदी पर बन रहे एक अस्थायी पुल के पास एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। यह घटना रविवार को हुई। शाम करीब पांच बजे युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान ग्राम सभा नदौली निवासी 18 वर्षीय सचिन चौरसिया पुत्र जवाहिर चौरसिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सचिन कहीं से भूसा लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने निर्माणाधीन अस्थायी पुल के पास अपनी बाइक खड़ी की और पैर धोने के लिए बैठ गए। बताया जा रहा है कि इसी दौरान नदी में तेज बहाव के कारण पुल का किनारा अचानक बह गया। इससे सचिन भी नदी की धारा में समा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गहरे पानी में चले गए थे। ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयास के बाद सचिन को पानी से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माणाधीन अस्थायी पुल की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुल की मजबूती और सुरक्षा को नजरअंदाज किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
Source link
देवरिया में अस्थायी पुल से बहा किशोर:घाघरा नदी में डूबने से हुई मौत, ग्रामीणों ने उठाए सवाल