![]()
बुलंदशहर में स्कूलों द्वारा कोर्स और यूनिफॉर्म के नाम पर कथित कमीशनखोरी के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। इसी क्रम में, जांच टीम ने डीपीएस और मॉडर्न पब्लिक स्कूल सहित कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों में पड़ताल की और स्कूल प्रबंधन से पूछताछ की। जिलाधिकारी कुमार हर्ष के पदभार संभालने के बाद से कोर्स माफियाओं के खिलाफ लगातार कड़ा रुख अपनाया जा रहा है। डीएम के निर्देश पर गठित जांच टीम ने स्कूलों में पहुंचकर छात्रों से भी बातचीत की। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि छात्रों ने पूछताछ में खुलासा किया कि उन्हें कोर्स और ड्रेस खरीदने के लिए स्कूल द्वारा निर्धारित दुकानों के नाम और पते बताए जाते हैं, जहां से सामान खरीदना अनिवार्य होता है। इस पर टीम ने विस्तृत जानकारी जुटाई। विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे इस जांच का नेतृत्व जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) विनय कुमार और बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने किया। टीम ने संबंधित स्कूलों से छात्रों की संख्या, प्रति छात्र कोर्स पर होने वाला औसत खर्च और अन्य आवश्यक जानकारियां जुटाईं। जांच टीम ने अंसारी रोड स्थित यूनिफॉर्म विक्रेता दीपक के प्रतिष्ठान पर भी छापा मारा। वहां खरीद-फरोख्त का रिकॉर्ड खंगाला गया और आवश्यक दस्तावेजों का ब्यौरा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या कमीशनखोरी की पुष्टि होती है, तो संबंधित स्कूलों और विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Source link
कोर्स के नाम पर कमीशनखोरी की जांच:बुलंदशहर में डीपीएस व मॉडर्न स्कूल समेत कई स्कूलों में पड़ताल