923 ग्राम पंचायतों में लगेंगे डिजिटल ‘मौसम प्रहरी’:रायबरेली के हर गांव में होगी बारिश की सटीक निगरानी, किसानों को मिलेगा रियल-टाइम अलर्ट


रायबरेली में मौसम की सटीक जानकारी और प्राकृतिक आपदाओं से समय रहते निपटने के लिए रायबरेली में बड़ी पहल शुरू की गई है। जिले की सभी 923 ग्राम पंचायतों में स्वचालित वर्षा मापी यंत्र (ARG) और सभी विकास खंडों में स्वचालित मौसम स्टेशन (AWS) स्थापित किए जाएंगे। इससे गांव स्तर पर वर्षा, तापमान, आर्द्रता और हवा की गति का रियल-टाइम डेटा उपलब्ध हो सकेगा। परियोजना के पहले चरण में 125 स्वचालित वर्षा मापी यंत्र (ARG) लगाए जाने हैं। इनमें से 55 यंत्र विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि शेष स्थानों पर तेजी से काम चल रहा है। ये आधुनिक ARG और AWS सेंसर आधारित उपकरण हैं, जो वर्षा, तापमान, हवा की गति और आर्द्रता जैसे मौसम संबंधी आंकड़ों को स्वतः रिकॉर्ड करते हैं। यह डिजिटल डेटा सीधे भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के राज्य और राष्ट्रीय सर्वर तक पहुंचता है, जिससे मौसम की सटीक और त्वरित निगरानी संभव होती है। इस पहल का सबसे बड़ा लाभ किसानों को मिलेगा। ग्राम स्तर पर उपलब्ध होने वाले मौसम के सटीक पूर्वानुमान के आधार पर किसान बुवाई, सिंचाई और कीटनाशक छिड़काव का सही समय तय कर सकेंगे, जिससे खेती की लागत कम होने और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। इसके अलावा अतिवृष्टि, सूखा और ओलावृष्टि जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान इन उपकरणों से तत्काल और प्रमाणिक आंकड़े मिलेंगे। इससे फसल बीमा दावों के आकलन में पारदर्शिता आएगी और राहत कार्यों को भी गति मिलेगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग इस डेटा के आधार पर पंचायत और ब्लॉक स्तर तक मोबाइल ऐप और एसएमएस के जरिए मौसम संबंधी चेतावनी और दैनिक अपडेट भी उपलब्ध कराएगा। प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना से ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम की सटीक निगरानी संभव होगी और किसानों को बदलते मौसम के प्रभाव से अपनी फसलों की बेहतर सुरक्षा करने में मदद मिलेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *