84 कोस परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु की मौत:लू लगने की आशंका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा


मथुरा में ब्रज की 84 कोस परिक्रमा के दौरान एक श्रद्धालु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में लू लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और परिजनों को सूचना दे दी है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के ग्राम बडफरा अम्बाह निवासी राजेश कुमार तोमर (48) के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ ब्रज की 84 कोस परिक्रमा करने मथुरा आए थे। मंगलवार को परिक्रमा के दौरान थाना हाईवे क्षेत्र में जयगुरुदेव आश्रम के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। तेज गर्मी और उमस के कारण वह काफी परेशान हो गए और जयगुरुदेव पेट्रोल पंप के पीछे एक पेड़ की छांव में लेट गए। काफी देर तक जब वह नहीं उठे तो उनके साथियों को चिंता हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। हाईवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राजेश कुमार को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्षेत्राधिकारी अनिल कपरवान ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। प्रथम दृष्टया अत्यधिक गर्मी और लू लगने को मौत का कारण माना जा रहा है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *