![]()
लखनऊ में शिया धर्म गुरुओं की बैठक। हुसैनाबाद ट्रस्ट की जमीनों पर प्रस्तावित पार्किंग और “लज़ीज़ गली” निर्माण के विरोध में छोटा इमामबाड़ा में उलमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में ट्रस्ट की जमीन पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य का विरोध करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी न होने पर बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक से पहले जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मौलाना कल्बे जवाद नक़वी और अन्य उलमा से उनके आवास पर मुलाकात की । प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि ट्रस्ट की जमीन पर फिलहाल कोई निर्माण कार्य नहीं होगा और “लज़ीज़ गली” का काम भी रोक दिया गया है। इसके बावजूद उलमा ने कहा कि जब तक ट्रस्ट की कमेटी का गठन नहीं होता, तब तक किसी भी योजना को लागू करना गैरकानूनी माना जाएगा। ‘जिलाधिकारी किस कमेटी के चेयरमैन हैं’ मौलाना कल्बे जवाद ने कहा कि हुसैनाबाद ट्रस्ट की जमीन पर न पार्किंग स्वीकार है और न ही “लजीज गली”। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब ट्रस्ट की कोई कमेटी मौजूद ही नहीं है, तो जिला मजिस्ट्रेट किस कमेटी के चेयरमैन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना कमेटी गठन के ट्रस्ट से जुड़े फैसले लेना नियमों के विरुद्ध है। प्रशासन ने निर्माण कार्य शुरू करने की कोशिश की तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन लगातार मनमानी करते फिर अवैध निर्माण को बढ़ावा दे रहा है। मौलाना सैफ अब्बास नक़वी ने कहा कि प्रशासन से बातचीत के बाद फिलहाल पार्किंग और ‘लज़ीज़ गली’ का कार्य रोक दिया गया है। लेकिन उनकी मुख्य मांग ट्रस्ट कमेटी के गठन की है । उन्होंने कहा कि आगे की रणनीति उलमा और कानून विशेषज्ञों के साथ तय की जाएगी। बैठक में मौलाना फरीदुल हसन, मौलाना हैदर, मौलाना तनवीर अब्बास, मौलाना हुसैन, मौलाना मुस्तफा अली खान, मौलाना अलमदार हुसैन, मौलाना हसनैन बाकरी और डॉ. कल्बे सब्तैन नूरी सहित बड़ी संख्या में उलमा मौजूद रहे।
Source link
लखनऊ में शिया धर्म गुरुओं की बैठक:हुसैनाबाद ट्रस्ट की जमीन पर पार्किंग और लजीज गली का विरोध, कमेटी गठित करने की मांग