68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने फतेहपुर में सौंपा ज्ञापन:ओबीसी अभ्यर्थियों की नियुक्ति और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग


उत्तर प्रदेश की 68500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों ने सोमवार को फतेहपुर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का तत्काल अनुपालन करते हुए पात्र अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने और आरक्षण संबंधी अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। अभ्यर्थी नेता घनश्याम गुप्ता ने बताया कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने 9 जुलाई 2026 को जारी अपने आदेश में 68500 शिक्षक भर्ती-2018 के पात्र ओबीसी अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण संबंधी अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और 5 जनवरी 2022 की अपनी पूर्व संस्तुतियों पर भी प्रभावी अमल सुनिश्चित करने को कहा था। इसके बावजूद अब तक आदेश का पालन नहीं किया गया है। ‘सामाजिक न्याय की दिशा में अहम कदम’ घनश्याम गुप्ता ने कहा कि आयोग का आदेश सामाजिक न्याय और संवैधानिक आरक्षण व्यवस्था की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बिना किसी देरी के सभी पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए और अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। आंदोलन की दी चेतावनी अभ्यर्थियों का कहना है कि वे वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं और अब आयोग के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी कार्रवाई न होना निराशाजनक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आदेश का अनुपालन नहीं किया गया तो प्रदेशभर के अभ्यर्थी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान घनश्याम गुप्ता, प्रभाकर सिंह, शेखावत अली, हरीश्वर दयाल, नीरज सिंह सहित बड़ी संख्या में 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *