![]()
प्रयागराज कमिश्नरेट के गंगानगर की लालगोपालगंज चौकी में तैनात प्रभारी अजय कुमार सिंह को सोमवार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया। उन पर एक जेसीबी को पकड़कर चौकी लाने और बाद में कथित तौर पर 70 हजार रुपये लेकर छोड़ने का आरोप है। इसी मामले से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया।
वायरल ऑडियो के बाद शुरू हुई जांच
सूत्रों के मुताबिक, वायरल ऑडियो में चौकी प्रभारी और एक व्यक्ति के बीच कथित तौर पर लेनदेन को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच कराई। जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही मिलने पर चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
जेसीबी पकड़ने के बाद हुई थी बातचीत
बताया जा रहा है कि चौकी पुलिस ने एक जेसीबी को पकड़कर चौकी में खड़ा कराया था। इसके बाद अगले दिन जेसीबी छोड़ दिया गया। आरोप है कि इसके लिए 70 हजार रुपये वसूले गए। कुछ दिनों बाद जेसीबी मालिक ने अपने एक परिचित से इस घटना का जिक्र किया। उसने चौकी प्रभारी से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि इसी बातचीत के दौरान जेसीबी छोड़ने के एवज में लेनदेन को लेकर चर्चा हुई।
रिकॉर्डिंग अधिकारियों तक पहुंची
आरोप है कि फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग संबंधित व्यक्ति ने सुरक्षित रख ली। बाद में यही रिकॉर्डिंग पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई। ऑडियो की जांच के बाद अधिकारियों ने मामले की प्रारंभिक जांच कराई, जिसमें शिकायत सही पाए जाने पर चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
Source link
70 हजार लेकर जेसीबी छोड़ने में चौकी प्रभारी लाइन हाजिर:प्रयागराज में ऑडियो मिलने पर प्रारंभिक जांच के बाद अफसरों ने लिया एक्शन