![]()
हापुड़ देहात पुलिस ने एक उद्यमी के घर हुई लूट के मामले में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए अपराधी के पास से लूट की रकम में से 1.92 लाख रुपए नकद, एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। यह घटना जनपद के प्रतिष्ठित उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के आवास पर 1 जून को हुई थी। चार नकाबपोश और हथियारबंद बदमाश उनके घर में घुस गए थे। उन्होंने परिवार को बंधक बनाकर असलहों के बल पर डराया-धमकाया और सवा किलो सोने-चांदी के आभूषण, भारी मात्रा में नकदी, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। इससे पहले, हापुड़ देहात थाना प्रभारी पारस मलिक और एसओजी की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर रोड पर एक मुठभेड़ के बाद गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान दो बदमाशों को पैर में गोली लगी थी। पकड़े गए अपराधियों में उत्तर प्रदेश पुलिस का एक निलंबित सिपाही विक्की गौतम भी शामिल था। पुलिस ने तब करोड़ों रुपये के जेवरात, 24 लाख रुपये नकद, 10 चांदी के सिक्के, चार तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइकें बरामद की थीं। सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद गिरोह के दो सदस्य फरार चल रहे थे, जिन पर डीआईजी कलानिधि नैथानी ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक इनामी बदमाश क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी पारस मलिक की टीम ने ततारपुर गोल चक्कर के पास से मुरादाबाद निवासी मोहित को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, इस गिरोह का एक और सदस्य श्याम, जो रुद्रपुर, उत्तराखंड का निवासी है, अभी भी फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
Source link
50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार:हापुड़ में उद्यमी के घर लूटपाट की थी, दूसरे की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही पुलिस