40 बीघे में बस रही थीं 8 अवैध कॉलोनियां:लखनऊ में LDA ने चलाया बुलडोजर; पारा और बीकेटी में प्लॉटिंग ध्वस्त


लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने शुक्रवार को अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पारा और बीकेटी क्षेत्र में 8 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। करीब 40 बीघा जमीन पर बिना स्वीकृति विकसित की जा रही प्लॉटिंग में बनाई गई सड़कें, बाउंड्री और अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। कार्रवाई एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 और जोन-4 की टीम ने की। पारा क्षेत्र के ग्राम हंसखेड़ा और सदरौना में करीब 15 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही 3 अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। यहां विक्कू सिंह, योगेंद्र, सतीश, अजय कुमार, चंद्रभान, गुड्डू समेत अन्य लोगों द्वारा बिना स्वीकृत लेआउट के प्लॉट काटे जा रहे थे। वहीं बीकेटी के ग्राम राजपुर इंदौर में करीब 25 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही 5 अवैध प्लॉटिंग पर भी कार्रवाई की गई। यहां किशन गुप्ता, अभय सिंह, सुरेंद्र कुमार, अनुज, सचिन यादव, नरेंद्र पाठक समेत अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। एलडीए अधिकारियों ने बताया कि बिना प्राधिकरण की अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्लॉट की खरीद से पहले उसकी एलडीए से स्वीकृति जरूर जांच लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *