3000 के विवाद में क्लब के बाहर चली गोली:गाजियाबाद में बाउंसर के पैर में लगी गोली, दो हिरासत में


गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक क्लब के बाहर ₹3000 के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। इसमें बाउंसर अनु भाटी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना कौशांबी स्थित कोक क्लब के बाहर हुई। क्लब में काम करने वाले कुछ बाउंसरों के बीच ₹3000 के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसके बाद एक पक्ष ने गोली चला दी। जांच में घायल अनु भाटी के अलावा विक्रांत और सनी के नाम सामने आए हैं। ये तीनों गाजियाबाद के निवासी हैं और बाउंसर के तौर पर काम करते हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि इनके बीच पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हो चुका था। पुलिस पुराने विवाद की भी जांच कर रही है। फायरिंग की सूचना मिलते ही कौशांबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विक्रांत और सनी को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *