25 हजार का इनामी अजहर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार:देवरिया में घेराबंदी कर पकड़ाया, पैर में लगी गोली; तमंचा और बाइक बरामद


देवरिया में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अजहर अंसारी को शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। लार और भाटपाररानी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजहर अंसारी (31) पुत्र अहमद अंसारी, निवासी मटियरा जगदीश, थाना लार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह भाटपाररानी थाने में दर्ज गोवंश तस्करी और आर्म्स एक्ट के मामले में फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोप है कि 15 जुलाई 2026 को वह पिकअप वाहन से आठ गोवंशों को बिहार ले जा रहा था, जिसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी चनुकी मोड़ की ओर आ रहा है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। इसके बाद खरवनिया मोड़ पर घेराबंदी की गई। पुलिस के मुताबिक भागने के दौरान उसकी बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देखकर उसने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तमंचा, कारतूस और स्प्लेंडर बाइक बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर लार थाने में पुलिस पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। नेटवर्क खंगाल रही पुलिस पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके अन्य आपराधिक संबंधों और गोवंश तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *