100 मीटर तिरंगे के साथ राष्ट्रभक्ति का जयघोष:जौनपुर में हजारों विद्यार्थियों ने निकाली ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा


जौनपुर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच बुधवार को 4 बजे से शाम 6 बजे तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के आह्वान पर एक ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में हजारों छात्र-छात्राओं और अभाविप कार्यकर्ताओं ने 100 मीटर लंबा तिरंगा लेकर शहर में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। यह यात्रा टीडी कॉलेज मैदान से शाम 4 बजे शुरू हुई और शाम 6 बजे तक चली। काशी प्रांत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र त्रिपाठी और जिला प्रमुख प्रो. हरिओम त्रिपाठी ने झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा सरकारी रोडवेज, जिलाधिकारी कार्यालय और लाइन बाजार होते हुए वापस टीडी कॉलेज मैदान पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लहराते हुए विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए, जिससे पूरा शहर गूंज उठा। सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता को दर्शाया। प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि अभाविप सदैव राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहा है। उन्होंने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान ‘एक गांव–एक तिरंगा’ अभियान शुरू किया गया था, जिसकी राष्ट्रभावना आज भी जारी है। डॉ. त्रिपाठी ने तिरंगे को देश की अस्मिता, स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक बताया। जिला प्रमुख प्रो. हरिओम त्रिपाठी ने जानकारी दी कि तिरंगा यात्रा का आयोजन जिले की विभिन्न नगर इकाइयों में भी किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय पर्व के महत्व से जोड़ना और उनमें राष्ट्र के प्रति कर्तव्य, समर्पण एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *