हाईटेंशन लाइन पर काम करते समय युवक झुलसा:शटडाउन के बावजूद सप्लाई चालू हुई, साथी लाइनमैन मौके से भागे


फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के छोटा दंडवा गांव में 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक निजी इलेक्ट्रिशियन गंभीर रूप से झुलस गया। आरोप है कि शटडाउन के बावजूद अचानक लाइन चालू होने से यह हादसा हुआ। घायल युवक को कानपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर मौजूद बिजली विभाग के लाइनमैन फरार हो गए। छोटा दंडवा निवासी कुंदन (लगभग 28 वर्ष) पुत्र चेतू पेशे से इलेक्ट्रिशियन है। उसकी दोस्ती पावर हाउस के लाइनमैनों से थी। मंगलवार शाम लगभग 7:00 बजे लाइनमैन राजन तिवारी और नरेंद्र कुमार उसे अपने साथ ले गए थे। बताया जा रहा है कि सरवली गांव के पास दोनों लाइनमैन कुंदन से 11,000 वोल्ट की लाइन के खंभे पर काम करवा रहे थे। इसी दौरान सिठौरा पावर हाउस के किसी कर्मचारी ने शटडाउन के बावजूद अचानक लाइन चालू कर दी। बिजली का तेज झटका लगते ही कुंदन बुरी तरह झुलस गया और खंभे से नीचे गिर पड़ा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लाइनमैन राजन तिवारी और नरेंद्र कुमार घायल कुंदन को वहीं छोड़कर फरार हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने कुंदन को लहूलुहान और झुलसी हालत में देखा। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) हथगांव में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने कुंदन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से उसे कानपुर रेफर किया गया है। कुंदन की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही कुंदन के परिवार में दुख का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के लापरवाह लाइनमैनों और कर्मचारियों के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया है। पीड़ित परिवार ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *