![]()
शामली के बंतीखेड़ा निवासी हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के बाद सोशल मीडिया पर सामने आई एक कथित पोस्ट ने हत्याकांड की जांच को नया मोड़ दे दिया है। ‘Gogi Group’ के नाम से वायरल पोस्ट में अंकित की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि अंकित ने विरोधी पक्ष का साथ दिया था और पुराने विवाद से जुड़ा गाना बनाया था। पोस्ट में आगे कुछ अन्य लोगों को भी धमकी देने जैसी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसकी सत्यता की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल कथित पोस्ट में ‘Gogi Group’ के नाम से अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि अंकित ने विरोधी पक्ष का साथ दिया था। साथ ही एक पुराने मामले से जुड़े गाने का भी जिक्र किया गया है। पोस्ट में जिस तरह की भाषा इस्तेमाल की गई है, उससे पुलिस को आशंका है कि इसे हत्याकांड से जोड़कर देखा जा सकता है। हालांकि, पुलिस अभी इस पोस्ट को हत्या की जिम्मेदारी की पुष्टि के तौर पर नहीं मान रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि पोस्ट वास्तव में किस व्यक्ति या ग्रुप ने की है। पुलिस पोस्ट डालने वाले अकाउंट, उसकी लोकेशन और उससे जुड़े डिजिटल सुरागों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट हत्या से पहले तैयार की गई थी या वारदात के बाद जांच को प्रभावित करने के लिए वायरल की गई। पुराने विवाद और धमकियों पर भी नजर अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस को करीब छह महीने पहले रोहतक में एक अन्य सिंगर के साथ हुई उनकी कहासुनी की जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि इस विवाद के बाद अंकित ने रोहतक में रहना कम कर दिया था और बंतीखेड़ा में ज्यादा समय बिताने लगे थे। हालांकि, काम के सिलसिले में उनका रोहतक और आसपास के क्षेत्रों में आना-जाना जारी था। पुलिस अब यह पता कर रही है कि रोहतक में हुए विवाद का इस हत्याकांड से कोई संबंध है या नहीं। इसके साथ ही अंकित को पूर्व में मिली कथित धमकियों, पुराने विवादों और उनके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। सुपारी से लेकर पुरानी रंजिश तक कई एंगल पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद, सुपारी और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अंकित के संपर्कों को खंगाला जा रहा है। एसटीएफ समेत कई टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर काम कर रही हैं। एडीजी मेरठ भानु भास्कर ने भी मामले में अधिकारियों से जानकारी ली है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बागपत और शामली पुलिस के साथ मुजफ्फरनगर की टीमें भी जांच में जुटी हैं। चार टीमों को हरियाणा के पानीपत भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। 50 से ज्यादा गानों से बनाई पहचान अंकित बालियान ने हरियाणवी संगीत जगत में 50 से ज्यादा गानों के जरिए अपनी पहचान बनाई थी। ‘गोली-गोली के बारूद’, ‘एक खटोला जेल के भीतर’, ‘मोदी बड़ा गांव’ और ‘रुतबा जाट और जाटनी’ जैसे गानों में उन्होंने काम किया था। हत्या के समय वह 20 से अधिक नए गानों पर काम कर रहे थे। परिवार के अनुसार, अंकित की जल्द ही इन गानों की शूटिंग और रिलीज की तैयारी थी। वह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे। इसके बाद बॉलीवुड फिल्मों के लिए गाना गाने का सपना था। कुछ चर्चित बॉलीवुड कलाकारों से उनकी बातचीत चलने की बात भी परिवार ने बताई है। कबड्डी खिलाड़ी से बने सिंगर अंकित ने गायकी में आने से पहले कबड्डी खेली थी। उनके भाई कपिल के मुताबिक, वर्ष 2013-14 तक वह प्रदेश स्तर पर कबड्डी खेलते थे और दिल्ली व भोपाल समेत कई जगह प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके थे। पैर में फ्रैक्चर होने के बाद उन्हें कबड्डी छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने जिम ज्वाइन किया और करीब वर्ष 2022 में हरियाणवी गायन के क्षेत्र में कदम रखा। कुछ ही वर्षों में उन्होंने संगीत जगत में पहचान बना ली। परिवार के मुताबिक, काम के कारण वह रोहतक, सोनीपत और दिल्ली में रहते थे और एक-दो महीने में गांव आते थे। पुलिस की जांच में सोशल मीडिया पोस्ट अहम कड़ी फिलहाल अंकित हत्याकांड में सोशल मीडिया पर वायरल ‘Gogi Group’ की कथित पोस्ट जांच की अहम कड़ी बन गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट करने वाला व्यक्ति कौन है और उसका अंकित की हत्या से कोई सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि पोस्ट की सत्यता की पुष्टि होने के बाद ही इसे जांच में ठोस साक्ष्य के तौर पर शामिल किया जाएगा। फिलहाल पुराने विवाद, कथित धमकियां, अंकित के संपर्क और हत्याकांड से जुड़े अन्य सभी पहलुओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Source link
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या 'गोगी ग्रुप' ने की:शामली में सोशल मीडिया पर पोस्ट करके ली जिम्मेदारी, विरोधियों का साथ देने पर मारा