![]()
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस ने किराना थोक व्यापारी के यहां हुई ₹1.28 करोड़ की चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में दो नाबालिगों सहित 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से ₹1,28,99,310 नकद बरामद किए हैं। एसपी पूर्वी ने प्रेस वार्ता कर पूरी घटना का पर्दाफाश किया। एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने शनिवार रात 10 बजे प्रेसवार्ता कर यह जानकारी दी है। एएसपी पूर्वी ने बताया कि यह चोरी शहर के रेलवेगंज निवासी थोक व्यापारी पंकज अग्रवाल के घर 16 जुलाई की देर रात हुई थी। वारदात को अंजाम देने वालों में व्यापारी के यहां 7 साल से काम करने वाला शोभित और दो नाबालिग शामिल थे। इन्होंने सुनियोजित साजिश के तहत व्यापारी और उनकी पत्नी के खाने में नींद की गोलियां मिला दी थीं। नींद की गोलियां देने के बाद, आरोपियों ने दूसरी मंजिल के बेडरूम की अलमारी से रुपयों से भरे 8 बैग चुरा लिए। नीचे खड़े मुख्य साजिशकर्ता अजय शुक्ला, शिवम और पिकअप चालक बदन ने इन रुपयों को वाहन में रखा और मौके से फरार हो गए। सीओ सिटी अजीत सिंह ने बताया पुलिस ने मामले की जांच के लिए करीब 150 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और सर्विलांस/स्वाट की मदद ली। जांच में पता चला कि आरोपी रकम लेकर लखनऊ गए थे, जहां हिस्ट्रीशीटर अमान और बाराबंकी निवासी महफूज ने उनसे रुपए छीन लिए थे। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लखनऊ और हरदोई के अन्य सहयोगियों—दीपक, सनी गुप्ता, विशाल, परम किशोर, केशव, सनी वाल्मीकि, नीरज और प्रिंस—को भी गिरफ्तार किया। एसओजी प्रभारी राजेश यादव और सर्विलांस टीम ने उत्तराखंड तथा दिल्ली तक दबिश देकर इस अंतरराज्यीय चोर गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त किया। कुल बरामदगी ₹1,28,99,310 है, जिसमें ₹10 से लेकर ₹500 तक के नोट शामिल हैं। इस मामले में कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। एएसपी पूर्वी ने बताया इस मामले की अभी जनता से जांच की जा रही है।
Source link
हरदोई में ₹1.28 करोड़ चोरी का खुलासा:2 नाबालिगों समेत 16 गिरफ्तार, 150 सीसीटीवी और उत्तराखंड और दिल्ली तक तालाशे गए आरोपी