हरदोई में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा:डीएम ने जनहानि रोकने के लिए विभागों को दिए निर्देश


हरदोई में संभावित बाढ़ से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के स्वामी विवेकानंद सभागार में बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि जनहानि से बचा जा सके। जिलाधिकारी ने ऑनलाइन जुड़े उपजिलाधिकारियों (बिलग्राम, सवायजपुर, शाहाबाद) को बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित करने और आपदा में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नाव, नाविक और गोताखोरों को चिन्हित कर उनके मोबाइल नंबर सहित एक बुकलेट तैयार करने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत संपर्क किया जा सके। साथ ही, बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने और बाढ़ प्रभावित लोगों व उनके पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल पहले से चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। नदियों के किनारे कटान रोकने के लिए वृक्षारोपण वन विभाग को नदियों के किनारे कटान रोकने के लिए वृक्षारोपण कराने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीमें तैनात करने और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। पूर्ति विभाग को खाद्यान्न, डीजल और मिट्टी के तेल की आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई कमी न हो। पीडब्ल्यूडी विभाग को बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के लिए कहा गया। बेसिक शिक्षा विभाग को संभावित प्रभावित विद्यालयों को चिन्हित कर बच्चों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को बाढ़ चौकियों और राहत शिविरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में भोजन बनवाकर प्रधानों के माध्यम से वितरित कराया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे बाढ़ से पहले अपनी तैयारियां पूरी कर लें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रियंका सिंह सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *