![]()
हरदोई में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका के जल निकासी के दावों की पोल खोल दी। करीब पौने दो घंटे में 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे शहर की सड़कें, गलियां और प्रमुख चौराहे पानी में डूब गए। कई जगह घुटनों तक पानी भरने से लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मेडिकल कॉलेज परिसर और कई सरकारी आवासों के बाहर भी जलभराव हो गया। बड़ा चौराहा समेत प्रमुख मार्गों पर भरा पानी सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे। बुधवार को करीब 11:15 बजे अचानक तेज बारिश शुरू हुई, जो करीब 1 बजे तक जारी रही। इस दौरान बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहा, कैनाल रोड, नघेटा रोड, कचहरी परिसर और डीएम चौराहा से आजाद नगर जाने वाला मार्ग पानी में डूब गया। जलभराव के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ और जगह-जगह जाम लग गया। लोगों को घरों और दफ्तरों से निकलने में भी परेशानी हुई।
मेडिकल कॉलेज और सरकारी आवास भी जलमग्न बारिश का पानी सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहा। मेडिकल कॉलेज परिसर और अधिकारियों के सरकारी आवासों के बाहर भी पानी भर गया। कई स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से बारिश का पानी काफी देर तक जमा रहा। छुट्टी के समय बच्चों को हुई परेशानी दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के बाद जब बच्चे घर लौटने के लिए सड़कों पर निकले तो उन्हें जलभराव का सामना करना पड़ा। फुटपाथ पर पानी भरा होने के कारण कई बच्चे अभिभावकों के साथ सड़क किनारे चलते नजर आए। बारिश के बाद उमस ने किया परेशान बारिश थमने और बादल छंटने के बाद उमस बढ़ गई। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ शिक्षक रमेश वर्मा ने बताया कि बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान पहले ही जारी किया गया था। उन्होंने अगले तीन दिनों तक क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई है।
Source link
हरदोई में पौने दो घंटे में 70 मिमी बारिश हुई:सड़कें और फुटपाथ बने तालाब, घुटनों तक भरा पानी