हरदोई में पिकअप टक्कर से घायल ताऊ की मौत:कानपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम, फर्रुखाबाद निवासी


फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ निवासी एक व्यक्ति की हरदोई में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपने भतीजे की शादी में बारात लेकर गए थे, जहां एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद कानपुर में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया। यह घटना 21 जून को हरदोई जनपद के कुमरायपुर गांव के बाहर हुई। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भरहेपुर गांव निवासी 46 वर्षीय राम तीर्थ अपने छोटे भाई के बेटे आशीष की बारात में गए थे। गांव के बाहर सड़क किनारे खड़े राम तीर्थ को एक तेज रफ्तार दूध भरी पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार के सदस्य गंभीर हालत में राम तीर्थ को कानपुर ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार सुबह लगभग 3 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राम तीर्थ के परिजन शव लेकर फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी है। मृतक अपने पीछे पत्नी मुन्नी देवी और पांच बेटों रामू, राम मोहन, रामकृष्ण, अरविंद और हिमांशु को छोड़ गए हैं। वह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *