हरदोई में डीसीएम ने बुजुर्ग को रौंदा, मौत:आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम, 1 घंटे तक यातायात रहा प्रभावित


हरदोई के बघौली-प्रतापनगर मार्ग पर मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय किसान रामभजन की मौके पर ही मौत हो गई। अपने बेटे को खाना देकर घर लौटते समय उन्हें एक डीसीएम ने नें कुचल दिया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे लगभग एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौधीपुरवा (मजरा बसेन) निवासी रामभजन मंगलवार दोपहर अपने बेटे सत्यपाल की घनश्याम नगर स्थित दुकान पर खाना देने गए थे। खाना देकर मुख्य मार्ग पार करते समय बघौली की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामभजन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, सतर्क ग्रामीणों ने पीछा कर उसे डीसीएम सहित पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक तथा वाहन को अपनी हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन ठप हो गया। सूचना पाकर कोतवाल सतीश चंद्र भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लगभग एक घंटे की मशक्कत और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने के बाद जाम खुलवाया जा सका। कोतवाल सतीश चंद्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक रामभजन अपने पीछे पत्नी रामदेवी और चार बेटों का परिवार छोड़ गए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *