![]()
हरदोई के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर हुए सड़क हादसे में एक कंटेनर चालक की मौत हो गई। ग्राम जरेरा के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने कंटेनर को टक्कर मार दी थी। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मृतक की पहचान एटा जनपद के थाना बागवाला क्षेत्र के ग्राम भागपुर निवासी अवधेश कुमार (27) के रूप में हुई है। वह कंटेनर का चालक था। अवधेश काशीपुर से कंटेनर लेकर कानपुर जा रहा था। सोमवार तड़के करीब 3:20 बजे, जब अवधेश मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम जरेरा के पास बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर पहुंचा, तभी कन्नौज की ओर से आ रहे डंपर ने उसके कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अवधेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल कन्नौज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के बड़े भाई हरीशचंद्र ने आरोप लगाया है कि यह दुर्घटना डंपर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुई। उन्होंने मल्लावां कोतवाली में तहरीर देकर संबंधित चालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने हरीशचंद्र की तहरीर के आधार पर डंपर संख्या UP93CT9052 के चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
हरदोई में डंपर की टक्कर से कंटेनर चालक की मौत:भाई की तहरीर पर डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज