![]()
हमीरपुर ज़िला अस्पताल में रविवार को विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर ने रक्तदान कर लोगों, विशेषकर युवाओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और आपका एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचा सकता है। रक्तदान के बाद एसपी मृगांक शेखर ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और इसकी आवश्यकता कभी भी किसी को भी पड़ सकती है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। कई लोग भ्रांतियों और गलत धारणाओं के कारण रक्तदान करने से हिचकिचाते हैं, जबकि चिकित्सकीय दृष्टि से रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है। रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त के निर्माण की प्रक्रिया और अधिक सक्रिय हो जाती है। एसपी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य ज़िले में सुरक्षित और पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके। उन्होंने बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति, विशेषकर युवा, हर तीन महीने में रक्तदान कर सकता है और इस नेक कार्य के माध्यम से कई लोगों का जीवन बचाने में योगदान दे सकता है।
Source link
हमीरपुर एसपी ने विश्व रक्तदान दिवस पर किया रक्तदान:युवाओं से की स्वैच्छिक रक्तदान की अपील