![]()
गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में महज 20 रुपये के लेन-देन के विवाद में 23 वर्षीय युवक मुश्ताक की चाकू घोंपकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी समीर उर्फ गुड्डू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से आ रहे समीर उर्फ गुड्डू को रुकने का इशारा किया गया। आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में कूड़े के ढेर पर बाइक फिसलने से वह गिर पड़ा। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया और दबोच लिया गया। आरोपी के पास से जिंदा कारतूस बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, वारदात में इस्तेमाल चाकू, चोरी की मोटरसाइकिल, 700 रुपये नकद और तंबाकू का पैकेट बरामद किया है। जांच में सामने आया है कि समीर उर्फ गुड्डू का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में बलवा, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और हत्या जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। 20 रुपए के लिए युवक की हत्या की थी घटना 19 अगस्त की देर शाम विक्रम एन्क्लेव की है, जहां 20 रुपए के मामूली विवाद को लेकर समीर ने मुश्ताक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर हालत में मुश्ताक को दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस ने हत्या, मुठभेड़, अवैध हथियार और चोरी की बाइक बरामदगी के तहत नए मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
हत्या के आरोपी को पुलिस ने पैर में मारी गोली:गाजियाबाद में 20 रुपए के विवाद में युवक की थी हत्या