![]()
लखनऊ के हजरतगंज स्थित श्रीराम टावर में बुधवार रात एक युवक ने मोबाइल दुकानदार पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि युवक ने पिस्टल से दुकानदार पर फायर भी कर दिया, लेकिन वो बच गया। हालांकि धक्का-मुक्की में उसे चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महबूबगंज सहादतगंज निवासी काविश अदित श्रीराम टावर में अर्जुन गुप्ता के साथ पार्टनरशिप में मोबाइल वाला नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया दुकान पर बुधवार रात करीब 9:54 बजे एक युवक मोबाइल फोन लेने पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसकी दुकानदार से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवक ने पिस्टल निकालकर दुकानदार को धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पिस्टल से फायर कर दिया। किसी तरह खुद को बचाते हुए विरोध किया तो उसने पिस्टल से सीने पर वार कर दिया, जिससे चोट लग गई। CCTV में कैद हुई पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी वहां से फरार हो गया।
घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। देर रात बड़ी संख्या में व्यापारी हजरतगंज कोतवाली पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस के मुताबिक दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई है। जिसके आधार पर डालीगंज निवासी विवेक सिंह को हिरासत में लिया गया है।
Source link
हजरतगंज में मोबाइल दुकानदार पर पिस्टल तानी:सीने पर वार कर दी धमकी, CCTV में कैद हुई वारदात