मुरादाबाद में स्कॉलर्स डेन कोचिंग सेंटर सील:कपड़ा शोरूम के नक्शे पर चल रहा था कोचिंग,फायर NOC भी नहीं; MDA ने सील किया


मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने बुधवार देर शाम स्कॉलर्स डेन कोचिंग सेंटर को सील कर दिया। एमडीए अधिकारियों का कहना है कि ये कोचिंग जिस बिल्डिंग में चल रहा था, उसका मानचित्र कपड़ा शोरूम के लिए प्राधिकरण से पास कराया गया था। प्राधिकरण ने इस कोचिंग सेंटर को बंद करने के लिए कई बार नोटिस जारी किया। एमडीए अधिकारियों का कहना है कि संचालक द्वारा कोचिंग सेंटर बंद नहीं किए जाने पर उसे सील कर दिया गया है। एमडीए वीसी अनुभव सिंह ने बताया कि मानचित्र का उल्लंघन करके अवैध रूप से कोचिंग सेंटर चलाए जाने के मामले में ये कार्रवाई की गई है। बता दें कि लखनऊ में हुए भीषण कोचिंग अग्निकांड के बाद पूरे प्रदेश में कोचिंग सेंटरों, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों आदि का फायर सेफ्टी ऑडिट किया जा रहा है। यह भी चेक किया जा रहा है कि भवनों का उपयोग संबंधित प्राधिकरणों द्वारा स्वीकृत किए गए मानचित्र के अनुरूप ही हो। शासन की सख्ती के बाद मुरादाबाद में भी अधिकारी ताबड़तोड़ छापामारी और सील करने की कार्रवाई कर रहे हैं। फायर डिपार्टमेंट की एनओसी भी नहीं दो दिन पहले फायर डिपार्टमेंट की टीम ने भी इस कोचिंग सेंटर को चेक किया गया था। चेकिंग के बाद फायर सेफ्टी ऑफिसर ज्ञान प्रकाश शर्मा ने कहा था कि इस कोचिंग सेंटर के पास विभाग की फायर एनओसी नहीं है। ज्ञान प्रकाश शर्मा के मुताबिक फायर डिपार्टमेंट ने भी इस कोचिंग सेंटर को सील करने की सिफारिश डीएम से की थी। पूर्व में भी स्कॉलर्स डेन को फायर एनओसी नहीं होने पर नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद इस कोचिंग सेंटर ने फायर एनओसी नहीं ली।
टीम ने बच्चों और स्टाफ को बाहर निकालकर सील लगाई
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। इस दौरान कोचिंग सेंटर में पढ़ रहे बच्चों को बिल्डिंग से बाहर निकाला गया। स्टाफ को भी एक-एक करके बिल्डिंग से बाहर करने के बाद मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की टीम ने बिल्डिंग पर एमडीए की सील गला दी और ताले लगाकर बिल्डिंग को सील कर दिया है। इसके साथ ही टीम ने मौके पर कार्रवाई की बाबत एक नोटिस भी चस्पा किया है। स्कॉलर डेन कोचिंग का संचालन विवेक ठाकुर नाम के व्यक्ति द्वारा किया जाता है। कोचिंग सेंटर सील होने के बाद विवेक ठाकुर ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा है कि उनके संस्थान के पास फायर सेफ्टी और बच्चों की सुरक्षा के सभी मानक पूरे हैं। लेकिन विवेक ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनके पास फायर डिपार्टमेंट की एनओसी है या नहीं। जबकि फायर डिपार्टमेंट लगातार कह रहा है कि स्कॉलर्स डेन के पास फायर एनओसी नहीं है और उसे सील करने की सिफारिश जिलाधिकारी से की गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *