![]()
महराजगंज में पुलिस ने खतरनाक तरीके से स्टंट करने वाली एक स्कॉर्पियो का 50 हजार रुपये का चालान किया और वाहन को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से युवाओं को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में नौतनवा क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर एक युवक चलती स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट कर रहा था। युवक की इस लापरवाही से न केवल उसकी जान को खतरा था, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद महराजगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नौतनवा पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया।
जांच में युवक की पहचान प्रिन्स मद्वेशिया पुत्र रमेश मद्वेशिया के रूप में हुई। वह जगरनाथपुर टोला परशुरामपुर, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज का निवासी है और उसकी उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 50 हजार रुपये का चालान किया और उसे तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर इस प्रकार की स्टंटबाजी कानूनन अपराध है और इससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। महराजगंज पुलिस ने आम जनता, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी खतरनाक गतिविधि से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
स्टंटबाजी पर स्कॉर्पियो सीज कर 50 हजार का चालान काटा:महराजगंज में चलती गाड़ी से स्टंट करने वाले युवक पर हुई कार्रवाई