![]()
फिरोजाबाद के नगला खंगर थाना क्षेत्र के कोरारी खेड़ा गांव में महिला सोनी की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी नेपाल सिंह को पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बिरई अंडरपास की सर्विस रोड पर घेराबंदी के दौरान पुलिस का दावा है कि आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि 2 अक्टूबर को कोरारी खेड़ा निवासी सोनी पत्नी संदीप की उसके जेठ नेपाल सिंह ने खेत पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं और आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। चेकिंग के दौरान बाइक सवार दिखा संदिग्ध पुलिस के अनुसार, नगला खंगर पुलिस टीम भदान चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध नजर आया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा करते हुए वायरलेस से दूसरी टीम को सूचना दी। बिरई अंडरपास की सर्विस रोड पर दूसरी पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी कर ली। पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली पुलिस का दावा है कि दोनों ओर से घिरने के बाद नेपाल सिंह ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। तमंचा, कारतूस, बाइक और नकदी बरामद पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, स्प्लेंडर बाइक और 560 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक नेपाल सिंह के खिलाफ नगला खंगर थाने में वर्ष 2021 में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। सोनी हत्याकांड के अलावा मुठभेड़ के संबंध में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
सोनी हत्याकांड का इनामी जेठ नेपाल मुठभेड़ में घायल:फिरोजाबाद में पुलिस पर फायरिंग कर भागा, पैर में लगी गोली; तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद