![]()
सोनभद्र के नगवां ब्लॉक स्थित सोमा ग्राम पंचायत में ‘किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा’ के संयोजक संदीप मिश्रा के नेतृत्व में “पेड़ है तो प्राण है” अभियान चलाया गया। इस दौरान सैकड़ों फलदार पौधों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने इन पौधों की सुरक्षा और देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करने का संकल्प लिया। अभियान को संबोधित करते हुए संदीप मिश्रा ने कहा कि यह अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर क्षेत्र के जल, जंगल, जमीन, पेड़, पानी और पहाड़ों को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मिश्रा ने मुख्यमंत्री से 24 दिसंबर 2024 के शासनादेश के अनुरूप बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ वन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से एक कंपनी को लगभग 6,000 पेड़ काटने की अनुमति दी गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। संदीप मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि पेड़ों की कटाई नहीं रोकी गई, तो ‘किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा’ पूरे जनपद में एक बड़ा जनआंदोलन करेगा।
ग्रामीण मुखलाल चेरो ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में कंपनी स्थापित होती है, तो प्रदूषण बढ़ेगा और स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने जंगल और जमीन की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करेंगे। बिंदु खरवार ने बताया कि आदिवासी समाज का जीवन जंगल और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी लगाने का प्रयास किया गया, तो ग्रामीण सोनभद्र से लेकर लखनऊ और दिल्ली तक आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस कार्यक्रम में राकेश यादव, मुखलाल चेरो, बिंदु खरवार, बासमती खरवार, हीरावती चेरो, आकाश चौहान, शत्रुघ्न, बीना, दिनेश चेरो, विजय चौहान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source link
सोनभद्र में 'पेड़ है तो प्राण है' अभियान:सैकड़ों फलदार पौधे वितरित, कंपनी के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी