![]()
इटावा। सैफई के मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज स्थित अंतरराष्ट्रीय इनडोर स्टेडियम में शनिवार दोपहर प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर लायन सफारी के निदेशक अनिल कुमार पटेल, आईएफएस ने खिलाड़ियों को हार से सीख लेकर अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से करीब 20 टीमों के पहलवान प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्य अतिथि अनिल कुमार पटेल ने कहा कि खिलाड़ी मैदान में पूरी क्षमता के साथ खेलें और परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि हार खिलाड़ी को अपनी कमियों को समझने और आगे बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर देती है।
क्रीड़ा अधिकारी इटावा एवं मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य सर्वेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न मंडलों और जनपदों से प्रतिभावान पहलवान सैफई पहुंचे हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ अलग-अलग क्षेत्रों से आए पहलवानों के साथ प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। उन्होंने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी व प्रशिक्षक एमपी सिंह और उप क्रीड़ाधिकारी मुकेश कुमार रहे। सर्वेंद्र सिंह चौहान ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान बच्चे लाल यादव को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में देवीपाटन के शुभम यादव, प्रयागराज के धर्मेंद्र कुमार और अयोध्या के सुमंत यादव ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं 61 किलोग्राम भार वर्ग में वाराणसी के राशन लाल यादव ने बरेली के वरुण सिंह को हराया। अलीगढ़ के दुष्यंत ने प्रयागराज के पंकज यादव को पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई, जबकि आगरा के रजत ने भी मुकाबला जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया। इस दौरान कुश्ती प्रशिक्षक कमलेश कुमार यादव, डॉ. मो. जियाउर्रहमान, सिद्धार्थ कृष्णा, रामेश्वर, मीतू सिंह, शाकिब खान, कुसुम कुमारी गंगवार, राम सुशील, रामकुमार पुष्पकर, इंद्र कुमार, लाल सिंह, रागिनी यादव और सुरेंद्र कुमार सहित प्रशिक्षक, अधिकारी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
Source link
सैफई में जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ:20 टीमों के पहलवान ले रहे हिस्सा, 57 किलो में तीन पहलवान सेमीफाइनल में पहुंचे