![]()
लखनऊ के इंदिरानगर सेक्टर-20 इलाके में चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर, नकदी और लैपटॉप पर हाथ साफ कर दिया। परिवार गांव गया हुआ था। पड़ोसी ने ताला टूटा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सेक्टर- 20 इंदिरा नगर निवासी सोनाक्षी जैन (35) पत्नी अंकित कुमार जैन ने बताया गुरुवार की शाम करीब 7 बजे वह अपने परिवार के साथ बच्चों की छुट्टियां मनाने बाराबंकी के रामनगर स्थित अपने गांव गनेशपुर गई थीं।
अगले दिन शुक्रवार की सुबह करीब 9:12 बजे सामने रहने वाली किराएदार ने फोन कर बताया कि उनके घर का दरवाजा खुला है और अंदर कोई नहीं है। शक होने पर उन्होंने वीडियो कॉल पर घर के अंदर का वीडियो दिखाया। जहां सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद सोनाक्षी ने अपने पिता संजय जैन को बताया जो तुरंत घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक सोनाक्षी भी गांव से वापस लौट आईं। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अलमारी, बेड और कपड़े अस्त-व्यस्त पड़े थे। अलमारी के लॉकर में रखे 50 लाख के सोने-चांदी के जेवर, करीब 50 हजार रुपए नगद तथा एचपी कंपनी का लैपटॉप गायब था।
तीन घंटे खंगाला घर
सोनाक्षी ने बताया कि पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में गुरुवार-शुक्रवार की बीच रात करीब 2 बजे से सुबह 5 बजे के बीच दो अज्ञात व्यक्ति घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसते दिखाई दिए हैं। दोनों ने आराम से घर खंगाला और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
इंस्पेक्टर गाज़ीपुर राजेश मौर्य ने बताया मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
Source link
सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी:जेवर-नकदी व लैपटॉप ले गए चोर, तीन घंटे तक दो लोगों ने खंगाला घर