![]()
सुल्तानपुर में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शुक्रवार सुबह ट्रक चालकों ने करीब एक घंटे तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन परिवहन विभाग की चेकिंग के दौरान कथित तौर पर पैसे लेने के बावजूद चालान किए जाने और एक चालक के साथ मारपीट के विरोध में किया गया। रानीगंज स्थित गोराबारिक पोस्ट ऑफिस के सामने चेकिंग के दौरान एक ट्रक चालक का आरोप था कि संबंधित एआरटीओ द्वारा रुपये लिए गए, लेकिन इसके बावजूद उसका चालान कर दिया गया। इस बात से नाराज होकर चालक ने अपना वाहन सड़क पर खड़ा कर दिया। उसके समर्थन में अन्य ट्रक चालकों ने भी अपने वाहन सड़क पर खड़े कर दिए, जिससे देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सुबह 10:15 बजे से 11:15 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की टीम ने एक सेब लदे ट्रक को रोका था। इस दौरान चालक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और उसे थप्पड़ मारा गया। घटना की खबर फैलते ही अन्य ट्रक चालक मौके पर जमा हो गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। आक्रोशित चालकों का आरोप है कि विभागीय कार्रवाई के दौरान चालक के साथ अभद्रता और मारपीट की गई। उन्होंने मांग की कि यदि वाहन में कोई कमी थी, तो नियमानुसार चालान या कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए थी, न कि चालक के साथ मारपीट। इस बीच, मामले को शांत कराने पहुंचे नगर कोतवाल भी विवादों में घिर गए हैं। उन पर कथित तौर पर एक ट्रक चालक को गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। करीब एक घंटे बाद स्थिति सामान्य हुई और यातायात सुचारु हो सका।
Source link
सुल्तानपुर में हाईवे पर ट्रक चालकों का चक्का जाम:चेकिंग में मारपीट और चालान से नाराज, एक घंटे बाधित रहा ट्रैफिक